(मानवीय सोच) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने एक ऐसा बयान दिया है, जिससे यूपी की सियासत में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. सपा नेता ने एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी की जमकर तारीफ की है. यहीं नहीं उन्होंने ओवैसी को सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से कहीं ज्यादा अच्छा इंसान बताया. ये बयान ऐसे समय में आया है जब सपा यूपी में अपने नए साथी तलाश कर रही है. जिसके बाद ये चर्चाएं तेज हो गईं है कि क्या आने वाले समय में ओवैसी की भी इंडिया गठबंधन में एंट्री हो सकती है.
बुधवार को यूपी विधानसभा सत्र में हिस्सा लेने के लिए जब सपा नेता शिवपाल सिंह यादव पहुंचे तो मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया. इस दौरान उन्होंने जब असदुद्दीन ओवैसी को लेकर सवाल किया तो सपा नेता ने दिल खोल उनकी तारीफ की और कहा कि “असदुद्दीन ओवैसी बहुत अच्छे आदमी हैं और ओम प्रकाश राजभर से तो ज्यादा ही अच्छे आदमी हैं.” शिवपाल यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने तो एक और कदम आगे बढ़ते हुए कहा कि “हम तो चाहते हैं कि वो बीजेपी के खिलाफ समाजवादी पार्टी का साथ कब दे रहे हैं.”
