उत्तर प्रदेश के आठ खिलाड़ियों का चयन आगामी एशियन किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय किक बाक्सिंग टीम में कर लिया गया है। इन प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने वाले इन खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश ओलंपिक सभागार में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
समारोह में उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. सैयद रफत ज़ुबैर रिजवी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश के इन खिलाड़ियों के पदक जीतने की कामना की।
इस अवसर पर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव अरविंद शेरवालिया, उपाध्यक्ष सुशीम बाजपेयी, कोषाध्यक्ष सुशील कौशिक, सहसचिव निलेश यादव व अभिषेक मौर्य, मोहम्मद नदीम ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। एसोसिएशन के महासचिव अरविंद शेरवालिया ने बताया कि उजबेकिस्तान वर्ल्ड कप किक बाक्सिंग का आयोजन 24 से 29 सितंबर तक होगा। वहीं एशियन किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप कंबोडिया में 6 से 13 अक्टूबर तक आयोजित होगी।
