लखनऊ : (मानवीय सोच) क्या आप भी भारत-इंग्लैंड के बीच होने वाले क्रिकेट मैच के टिकट के लिए परेशान हैं? क्या आप भी ऑनलाइन टिकट के लिए कोशिशें करके थक-हार गए हैं? निस्संदेह आप अकेले नहीं परेशान हैं। इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में गजब का उत्साह है। इसी उत्साह को ठग और टिकट ब्लैक करने वाले कैश करने में जुटे हैं। फर्जी वेबसाइट पर बुकिंग का मामला पकड़ा ही गया था।
वहीं, अब टिकट विंडो पर दलाल और ब्लैक करने वाले क्रिकेट प्रेमियों की जेब काटने में जुटे हैं। 29 अक्तूबर को होने वाले महामुकाबले को लेकर टिकट विंडो पर क्या हालात हैं, यह जानने के लिए हमारे रिपोर्टर इकाना स्टेडियम के गेट नंबर-दो पर पहुंचे। यहां जो कुछ देखने को मिला वह हैरान कर देने वाला है। दलाल दावा कर रहे हैं कि उन्होंने पहले से ही टिकट बुक करवा रखे हैं। अब वे स्टेडियम के बाहर उसे बेच रहे हैं।
