यूपी रोडवेज में 15 हजार ड्राइवर और कंडक्टर की भर्ती की जाएगी। इसमें ड्राइवर के 5 हजार और कंडक्टर के पद 10 हजार होंगे। रोडवेज विभाग के एमडी मासूम अली सरवर ने इसकी जानकारी दी है। यह भर्ती आउटसोर्सिंग के जरिए की जाएगी। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। वहीं मृतक आश्रितों को लेकर कहा कि मृतक आश्रितों की नौकरी के लिए राज्य सरकार कैबिनेट में जल्द प्रस्ताव ला सकती है। हम सरकार के संपर्क में हैं। मासूम अली सरवर ने कहा कि मृतक आश्रितों के पक्ष में जल्द ही सार्थक परिणाम आएंगे।
इसके लिए शासन स्तर से प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम मृतक आश्रितों से अनुरोध करते हैं कि वो भरोसा रखें, धरना प्रदर्शन न करें। कुंभ में बसों के संचालन पर कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में पूरी तरह से इलेक्ट्रानिक बसें चलाई जाएंगी। गुरुवार को रोडवेज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते यूपीएसआरटीसी के एमडी मासूम अली सरवर। सुपर एप से यात्रियों को मिलेगी सटीक जानकारी रोडवेज सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट रोकने के लिए ड्राइवर कंडक्टर को ट्रेनिंग दी जाएगी। यह तय किया जाएगा की सभी बसों का संचालन समय से हो। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए हम सुपर एप डेवलप कर रहे हैं। अक्टूबर के पहले सप्ताह में सुपर एप को लाइव किया जाएगा। बड़े बस स्टेशन पर बड़ी स्क्रीन लगाने का काम नवरात्रि तक पूरा कर लिया जाएगा।
जिससे यात्रियों को रोडवेड सुविधाओं की पल-पल की जानकारी समय से मिलती रहे। मीटिंग में फैसला लिया गया कि 2.5 हजार रोडवेज बसों में पैनिक बटन लगाई जाएगी। निर्भया फंड से बसों में लगी पैनिक बटन मासूम अली सरवर ने कहा कि 2.5 हजार बसों में पैनिक बटन और लोकेशन एक्सेस डिवाइस लगाई जाएंगी। हम कई रूट सर्वे भी करा रहे हैं। हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश के कोने कोने में बस चलाई जाएं। सभी ग्राम पंचायत को इससे जोड़ा जाए। 2.5 हजार बसों में पैनिक बटन इसलिए नहीं लगाई गईं हैं क्योंकि उनका मॉडल टाइम अगले साल खत्म हो जाएगा। साथ ही कहा कि डीजल चोरी रोकने के लिए विभाग की तरफ से तकनीकी का सहारा लिया जा रहा है।
