उत्तराखंड : (मानवीय सोच) एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां निर्माणाधीन सुरंग टूट गई है. इस हादसे में दर्जनों मजदूर अंदर फंस गए हैं. डुंडा के उप जिलाधिकारी ब्रिजेश तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा मार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग टूट गई है. इसमें 36 मजदूर फंसे हो सकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवयुग कंपनी ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिल्क्यारा से डंडालगांव तक सुरंग का निर्माण कर रही थी. ये सुरंग अचानक टूट गई है. सूचना मिलते ही उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से राहत एवं बचाव दल दुर्घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया. घटना स्थल पर राहत कार्य जारी है. खबरों की मानें तो यह हादसा भूस्खलन के कारण हुआ है.
उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि टनल के अंदर फंसे मजदूर सुरक्षित हैं. उनके पास ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध है. एक ऑक्सीजन पाइप भी अंदर पहुंचा दी गई है. पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, 108 इमरजेंसी सेवा के कर्मी राहत सेवा में जुटे हुए हैं. कुछ देर में मलबा साफ करके सभी मजदूरों को निकाल लिया जाएगा.
