उद्धव ठाकरे को फिर बड़ा झटका, मंत्री उदय सामंत भी हुए बागी

महाराष्ट्र (मानवीय सोच)  सत्ताधारी पार्टी में से एक शिवसेना को रविवार को एक और तगड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत गुवाहाटी में एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। वह शिंदे के नेतृत्व वाले बागी ग्रुप में शामिल होने वाले उद्धव ठाकरे मंत्रिमंडल से आठवें मंत्री हैं। सात मंत्री इससे पहले ही शिंदे गुट को ज्वाइन कर चुके हैं।

उदय सामंत को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे का काफी करीबी माना जाता रहा है। आदित्य ठाकरे हुंकार भर रहे थे कि बागियों को पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक एक और मंत्री ने तगड़ा झटका दे दे दिया है। उदय सामंत चार्टेड प्लेन से सूरत से गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। प्लेन में बैठते वक्त की उनकी तस्वीर भी सामने आई है।

आदित्य ठाकरे की बागियों को चेतावनी

आदित्य ठाकरे ने गुवाहाटी में मौजूद पार्टी के बागी विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि मुंबई हवाईअड्डे से विधान भवन तक जाने वाली सड़क वर्ली से होकर गुजरती है। मुंबई का वर्ली इलाका पारंपरिक रूप से शिवसेना का गढ़ रहा है, जहां से आदित्य ठाकरे विधायक हैं। शिवसेना अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य (30) ने शनिवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी में बागियों के लिए कोई जगह नहीं है।

फिलहाल गुवाहाटी में डेरा डाले हुए शिंदे गुट के विधायक

उन्होंने महाराष्ट्र में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच यह बयान दिया, जो वरिष्ठ मंत्री एकनाथ शिंदे के विद्रोह से उत्पन्न हुआ है। शिवसेना के अधिकांश विधायकों ने शिंदे का समर्थन किया है और वे फिलहाल भाजपा शासित राज्य असम के गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। शिंदे और उनके समूह ने दावा किया है कि वे असली शिवसेना का प्रतिनिधित्व करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *