लखनऊ : (मानवीय सोच) एक सिपाही ने उम्र कम दर्शाने के लिए दोबारा हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा पास की। फिर वह दरोगा के पद पर भर्ती हो गया। चुनार पुलिस प्रशिक्षण मिर्जापुर में ट्रेनिंग भी करने लगा। लेकिन एक गोपनीय शिकायत पर हुई विभागीय जांच में उसका फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। विभागीय जांच पूरी होने के बाद भर्ती बोर्ड की ओर से हुसैनगंज थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एफआईआर के मुताबिक आगरा निवासी देवेंद्र सिंह यूपी पुलिस व पीएसी सीधी भर्ती-2018 में सिपाही के पद पर चयनित हुआ था। उसको फतेहगढ़ जिले में तैनाती मिली थी। इस बीच उसने 2020-21 में दरोगा भर्ती परीक्षा में आवेदन किया, उसमें वह चयनित हो गया। जिसके बाद उसे ट्रेनिंग पर भेजा गया। 23 मई को आगरा निवासी रंजीत सिंह नाम के एक शख्स ने भर्ती बोर्ड में दरोगा देवेंद्र सिंह के खिलाफ शिकायत की। शिकायत में दावा किया कि उम्र छिपाने के लिए उसने दो बार बोर्ड परीक्षाएं पास की हैं। शिकायत पर जांच हुई।
