(मानवीय सोच) बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस अक्सर चर्चाओं में बनी रहती हैं। अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि, जैकलीन फर्नांडिस पर प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जैकलीन फर्नांडिस की 7.27 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। प्रवर्तन निदेशालय ने सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ जबरन वसूली मामले में जैकलीन फर्नांडीज की 7.27 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि, यह रकम ठग सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को गिफ्ट की थी। जानकारी के मुताबिक, जैकलीन के पास इतनी रकम की एक FD है, जिसे ED ने जब्त कर लिया है।
बता दें कि, जैकलीन फर्नांडिस से ED की टीम तीन बार पूछताछ भी कर चुकी है। उनसे तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ उनके संबंधों को लेकर पूछताछ हुई है। उनके खिलाफ ED लुकआउट नोटिस भी जारी कर चुकी है। वहीं 5 दिसंबर 2021 को देश से बाहर जाने की कोशिश करते हुए, उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था।
जानकारी के लिए बता दें कि, यह पूरा मामला सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि, उसने लोगों को 200 करोड़ रुपए का चूना लगाया और इसमें से कुछ पैसे उसने जैकलीन फर्नांडिस पर खर्च किए। सुकेश चंद्रशेखर अभी तिहाड़ जेल में बंद है। सुकेश चंद्रशेखर ने पूछताछ में जैकलीन फर्नांडिस समेत कुछ बॉलीवुड हस्तियों के नाम बताए हैं।
सुकेश चंद्रशेखर ने ईडी से पूछताछ के दौरान दावा किया था कि, वह जैकलीन के साथ रिलेशन में रहा है। इसका अंदाजा जैकलीन और सुकेश चंद्रशेखर की तस्वीरों को देखकर लगाया जा सकता है। तस्वीरों में जैकलीन फर्नांडीस और चंद्रशेखर काफी करीब नजर आ रहे हैं। ED के अनुसार, यह तस्वीरें एक फाइव स्टार होटल की हैं। हालांकि, जैकलीन ने जांच एजेंसीज के सामने ऐसे किसी भी रिलेशन से इनकार कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि, एक्ट्रेस से सुकेश ने तिहाड़ जेल में रहने के दौरान कई बार फोन पर बात की है।
