यूपी (मानवीय सोच) राज्य विश्वविद्यालयों व कॉलेजों के लिए संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आज से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।परीक्षा के लिए मंगलवार शाम को ही सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। बुधवार को परीक्षा प्रारंभ होने पर जिलों के जिलाधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
राजधानी लखनऊ में 61 केंद्रों पर लगभग 30 हजार विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो से शाम पांच बजे तक किया जा रहा है। इसके लिए केंद्र पर एक घंटे पहले प्रवेश दिया गया।
वहीं, परीक्षा केंद्र बनने व परीक्षा को देखते हुए लविवि व डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विवि ने अपने यहां बुधवार को शैक्षणिक कार्य भी स्थगित रखा है। लविवि के रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आदेश जारी कर कहा है कि विश्वविद्यालय के दोनों कैंपस में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा केंद्र बने हैं। इसे देखते हुए दोनों कैंपस में शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा। हालांकि, विभागीय कार्यालय खुले रहेंगे।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में आई समस्या
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ विद्यार्थी सोमवार से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन तकनीकी दिक्कत आ रही थी। हालांकि, जिला समन्वयक प्रो. आरबी सिंह मून ने कहा कि इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।
