कोलकाता की रेजिडेंट डॉक्टर की रेप और मर्डर की घटना से लोगों में आक्रोश है। वहीं इस घटना के विरोध और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित देश और प्रदेश के हजारों रेजिडेंट डॉक्टरों ने सोमवार को काम बंद कर प्रदर्शन करने की बात कही है। इस दौरान दिल्ली के करीब 10 सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस दौरान रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ट्रस्ट की तरफ से कहा गया है कि हमारे इस प्रदर्शन से इमरजेंसी सेवायें बाधित नहीं होंगी।
दिल्ली में 10 सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों ने कोलकता में एक रेजिडेंट डॉक्टर के दुष्कर्म एवं हत्या मामले को लेकर सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने एक बयान में बताया कि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, वीएमएमसी और सफदरजंग हॉस्पिटल, दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल, जीटीबी, इहबास, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर मेडिकल कॉलेज तथा राष्ट्रीय क्षय एवं श्वसन रोग संस्थान के चिकित्सक सुबह नौ बजे शुरू हुई इस हड़ताल में शामिल हैं।
