लखनऊ (मानवीय सोच) खाद्य एवं रसद विभाग में कार्यरत हजारों विपणन निरीक्षकों की मांगों पर आयुक्त खाद्य एवं रसद सौरव बाबू द्वारा सहमति व्यक्त किए जाने के बावजूद कंट्रोल ऑर्डर जारी न होने के विरोध में मंगलवार को विपणन निरीक्षकों ने जवाहर भवन के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियो ने जवाहर भवन और इंदिरा भवन के गेट पर ताला बंदी कर दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बल पूर्वक बसों में लाद कर इको गार्डेन भेज दिया। प्रदर्शन का समर्थन कर रहे जवाहर भवन इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडे, महामंत्री सुशील कुमार बच्चा ने कहा कि सरकार विपणन निरीक्षकों की जायज मांगो को पूरा करने के बजाए उनका आंदोलन कुचलने का काम कर रही है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रही प्रदेश अध्यक्ष रेनू मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीति पांडे समेत सैकड़ों विपणन निरीक्षकों को गिरफ्तार करके इको गार्डन भेज दिया गया। महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडे ने बताया कि खाद्य विभाग के विपणन निरीक्षक जिस मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं वह अधिकार वर्ष 2016 तक विपणन निरीक्षकों के पास ही था।
वर्ष 2016 में तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार में समाप्त कर दिया गया था। उसी अधिकार को वापस किए जाने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रमुख सचिव द्वारा स्थानांतरण नीति में भी बहुत सारी अनियमितताएं की गई हैं जिससे एक ही स्थान पर 8 -10 वर्षों से जमे लोगों को न छूकर एक वर्ष या 8 माह से कार्यरत लोगों को स्थानांतरित किया गया है। इसकी जांच होनी चाहिए।
