गाजियाबाद में स्कूल ने रेप पीड़िता का नाम काटा महिला टीचर ने बड़ी बहन से कहा- उससे कहना अब घर पर ही रहे, शादी भी करवा देना गाजियाबाद में 9वीं में पढ़ने वाली रेप पीड़ित छात्रा का स्कूल से नाम काट दिया गया। महिला टीचर ने पीड़िता की बड़ी बहन से कहा- घर जाकर अपनी बहन से कहना कि अब तुम घर पर ही रहो, तुम्हारा नाम काट दिया गया है। अब तुम लोग उसकी शादी कर देना इस मामले में DIOS ने कहा कि बच्ची की पढ़ाई नियमित रहेगी, मैं स्कूल से बात करुंगा। अगर ऐसा हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रिंसिपल ने कहा- स्कूल न आने की वजह से नाम कटा है नोएडा के होटल में ले जाकर किया था रेप थाना इंदिरापुरम में 10 जुलाई को बच्ची के पिता ने रेप और पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज कराई। इसमें बताया- सोहिल नाम का लड़का बेटी को बहलाकर नोएडा ले गया और वहां होटल में जबरन रेप किया। उसने बेटी के आपत्तिजनक फोटो खींच लिए बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था। बात नहीं मानने पर फोटो वायरल करने की धमकी देता था। इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और सोहिल को गिरफ्तार कर लिया। अभी वह डासना जेल में बंद है
पिता बोला- स्कूल में मेरी दूसरी बेटी से पूछा, बहन के साथ क्या-क्या हुआ? पीड़ित बच्ची एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा-9 में पढ़ती है। घटना की वजह से वह कई दिन तक स्कूल नहीं जा पाई। बच्ची के पिता ने बताया- मेरी दूसरी बेटी भी उसी स्कूल में पढ़ती है। टीचर ने उसे बुलाकर पूछा कि आपकी छोटी बहन क्यों नहीं आ रही? इस पर उसने कहा कि पापा आपसे स्कूल आकर बात करेंगे। टीचर ने कहा कि नहीं हमें पता है। पुलिस हमारे पास आई थी। हमें जानकारी दी।
इसके बावजूद भी मेरी दूसरी बेटी से टीचर ने पूछा कि तुम बताओ रियल बात क्या-क्या हुई? सब कुछ जानते हुए भी टीचर अनजान बन गईं। मेरी दूसरी बच्ची भी छोटी है। फिर भी उससे ऐसे सवाल पूछे गए !! ‘
क्या बच्ची का भविष्य यहीं खत्म हो जाएगा’ पिता ने कहा- हम गरीब आदमी हैं, कहां जाएं? क्या हमारी बच्ची का भविष्य यहीं खत्म हो जाएगा? अब जो हो गया, सो हो गया। अब क्या करें? जो मुल्जिम था, उसको हमने जेल भिजवा दिया। हमारी बच्ची अभी छोटी है। वो पढ़ना चाहती है। उसको पढ़ने दिया जाए। हमारे पास इतने पैसे नहीं हैं कि हम प्राइवेट स्कूल में एडमिशन दिलाएं हमने सरकारी स्कूल में उसका एडमिशन कराया था। हम गरीब आदमी हैं। हमारा इतना बजट नहीं है। हमें तो नाम काटने का पता नहीं चला। स्कूल ने फोन तक नहीं किया। एक बार स्कूल को हमसे पूछना भी चाहिए था। उसकी बड़ी बहन को बुलाकर सिर्फ नाम काटने की सूचना दे दी गई। बाकी देखो आगे क्या होता है !!
DIOS बोले- बच्ची की पढ़ाई जारी रहेगी
गाजियाबाद के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) धर्मेंद्र शर्मा ने कहा- यह सूचना मिली है। मैं स्कूल से इस बात को कन्फर्म करुंगा। अगर ऐसा है तो ये स्थिति बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है। निश्चित रूप से बच्ची का पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाएगा। बच्ची की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रहेगी “प्रिंसिपल बोलीं- स्कूल न आने की वजह से कटते हैं नाम” गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल ने भी सफाई दी। उन्होंने कहा- स्कूल में 10 दिन तक गैरहाजिरी पर नाम काट देने का नियम बना हुआ है। ऐसी कई छात्राओं के नाम पिछले दिनों में कटे हैं। अगर पेरेंट्स शपथ पत्र पर बच्चों के स्कूल न आने की ठोस वजह लिखकर देते हैं तो हम नाम दोबारा जोड़ देते हैं !!
