ट्रेन में दिक्कतों को लेकर कई वीडियो वायरल होते रहते हैं। कभी गंदगी तो, कभी बंद पड़े उपकरण, लेकिन इस बार मामला जरा कुछ अलग है। दरअसल, झारखंड से गोवा जा रही वास्को-डी-गामा साप्ताहिक एक्सप्रेस में एक सांप दिखाई दिया है। कोच में सांप निकलने की खबर से हड़कंप मच गया, जिसके बाद ट्रैन में सवार यात्री परेशान हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रैन के एसी 2-टियर कोच में सवार यात्री एक जिंदा सांप को देखकर चौंक गए। इस घटना का वीडियो एक यात्री द्वारा सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है,
जिसमें सांप निचली बर्थ के पर्दे के पास रेंगता हुआ दिखाई दे रहा है। ट्रेन में सवार एक यात्री अंकित कुमार सिन्हा, जिनके माता-पिता ट्रेन में थे, ने एक्स (ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट किया और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग किया। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, ट्रेन संख्या 17322 (जसीडीह से वास्को डी गामा) की बर्थ पर एक सांप पाया गया, उन्होंने स्थिति की गंभीरता के कारण त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया। उन्होंने कहा, कृपया तत्काल कार्रवाई करें, उन्होंने त्वरित प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर बल दिया।
रेलवे का तुरंत जवाब आया
वीडियो में, IRCTC के एक कर्मचारी को एक साथी यात्री के साथ मिलकर चादर का उपयोग करके सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ने का काम करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि आखिरकार बाद में उस सांप का क्या हुआ। घटना के बाद रेलवे ने तुरंत कार्रवाई की। भारतीय रेलवे के रांची डिवीजन ने सिन्हा की शिकायत स्वीकार की और उन्हें आश्वासन दिया कि समस्या को समाधान के लिए उचित अधिकारियों के पास भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, आपकी शिकायत स्वीकार कर ली गई है और उचित प्राधिकारी को सूचित कर दिया गया है।
