उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) योगी सरकार अब शहरों की सड़कों को न केवल सुविधाजनक और बेहतर बनाने जा रही है बल्कि सुरक्षित करने की भी तैयारी कर ली है. इसी के साथ ही सड़कों को अब पर्यावरण के अनुकूल विकसित किया जाएगा. इसके लिए सरकार ‘मुख्यमंत्री-ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम-अर्बन’ (सीएम ग्रिड योजना-शहरी) नाम की एक नई योजना शुरू करने जा रही है. इसके तहत पहले चरण में 17 नगर निगम को लेकर लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम ग्रिड योजना-शहरी के तहत बनने वाली सड़कों के साथ ही यूटीलिटी डक्ट, ग्रीन जोन, फुटपाथ, सौर आधारित स्ट्रीट लाइट तो होगी ही, साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन, बस स्टॉप, सौंदर्यीकरण और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं भी होंगी. बनने वाली इन सड़कों के साथ ही पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाएगा और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए इसका निर्माण होगा. इस योजना के तहत कार्बन उत्सर्जन को कम करने का ध्यान रखते हुए कॉस्ट इफेक्टिव ग्रीन सड़कें बनाए जानें की योजना है. इसी के साथ ही सड़क सुधार, गड्ढा मुक्ति व अन्य मरम्मत के लिए बजट का अधिकतम 10 प्रतिशत खर्च करने की अनुमति दी जाएगी.
