18वीं लोकसभा के गठन के बाद आज भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नये सांसदों को मर्यादित व्यवहार और आचरण की नसीहतें दीं। बता दें, प्रधानमंत्री मोदी ने संसद के पुस्तकालय भवन में जीएमसी बालयोगी सभागार में हुई राजग संसदीय दल की बैठक की अध्यक्षता की। राजग की यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जिस समय संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा चल रही है। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। साथ ही राजग की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार तीन बार जीतना बड़ी बात है। पंडित जवाहरलाल नेहरू के सामने आज के जैसी विकराल चुनौतियां नहीं थीं, फिर वो जीते थे। हमारे सामने तमाम चुनौतियों के बाद भी इतनी बड़ी जीत राजग को मिली। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक परिवार से कई प्रधानमंत्री बने और कुछ सुपर प्रधानमंत्री बने। लेकिन उन्हें एक चाय वाले का प्रधानमंत्री बनना हजम नहीं होता। इसलिए वो बार-बार हम पर हमला करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नए सांसदों को नसीहत दी कि दिल्ली के कार्य संस्कृति कल्चर और मीडिया में बयानबाजी से बचें।
