लखनऊ : (मानवीय सोच) दिव्यांग, एससी-एसटी, अल्पसंख्यकों को मिलने वाली छात्रवृत्ति को हड़पने वाले कॉलेज संचालकों की करीब 12 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को प्रवर्तन निदेशालय ने जब्त कर लिया है। राजधानी के हाइजिया एजूकेशन ग्रुप की सात अचल संपत्तियों को जब्त किया गया हैं, जिसके सैयद इशरत हुसैन जाफरी उर्फ लकी जाफरी को घोटाले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
इसके अलावा लखनऊ के एसएस इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के संचालक प्रवीण सिंह चौहान, फर्रुखाबाद के ओपी गुप्ता एजूकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट और घोटाले में शामिल हरदोई के कुछ कॉलेजों के 38 बैंक खातों में जब्त करीब डेढ़ करोड़ रुपये की रकम को जब्त कर लिया गया है। ये बैंक खाते इंडियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी, बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक आदि में खोले गए थे, जिनमें छात्रवृत्ति की हड़पी गई रकम को जमा कराया जाता था।
