जिले में डेंगू का प्रकोप तेज हो गया है। 24 घंटे में 21 मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। अधिकारियों का कहना है जिन भी इलाके से मरीज मिल रहे हैं। वहां पर एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं सरकारी व निजी अस्पतालों में करीब डेंगू के 50 मरीज भर्ती होकर अपना इलाज करवा रहे हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक डेंगू से किसी भी मरीज की जान नहीं गई। स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड के मुताबिक, जनवरी से 20 सितंबर तक डेंगू के 263 मामले मिले थे। इसमे ग्रामीण इलाकों में केस कम थे। सभी मामले शहरी क्षेत्र के हैं। बारिश बाद से डेंगू केस बढ़ना शुरू हुए है। जिले में डेंगू के 284 मरीज मिल चुके हैं।
अधिकारियों ने एक सप्ताह के दौरान मामलों में वृद्धि देखी है। अगस्त महीने में जहां रोजाना डेंगू के 1-2 मामले आते थे। यह आंकड़ा बढ़कर प्रतिदिन 15-20 तक पहुंच गया है। अधिकांश नए मामले आलमबाग, इंदिरानगर, गोमतीनगर एक्सटेंशन, गोसाईंगंज, मॉल और चिनहट सहित क्षेत्रों के हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 24 घंटे में मिले संक्रमित लोगों में से चार को प्लेटलेट काउंट में कमी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घर पर ठीक हो रहे हैं। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा डेंगू को लेकर अस्पताल हाई अलर्ट पर हैं। सीएचसी पर भी डेंगू की जांच हो रही है। हालांकि भर्ती होने वालों की संख्या कम है।
