(मानवीय सोच) : जितनी जनसंख्या होती है उतनी ही जरूरते होती हैं. अगर हम बात आबादी के मामले में सबसे बड़े प्रदेश यानी उत्तर प्रदेश की करें तो राज्य में बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन को लेकर ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा खुद गंभीर हैं. विधानसभा में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने नियम-56 के तहत विपक्ष द्वारा घरेलू बिजली कनेक्शन लेने में आ रही परेशानियों से संबंधित नोटिस का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विद्युत उपभोक्ताओं के हितों के लिए सुदृढ़ बना रही है.
जर्जर तार एवं पोल को बदला जा रहा है एवं ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जा रही है, जिससे कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा सके. मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से विद्युत कनेक्शन लेने के लिए ‘झटपट पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था की है. उपभोक्ता का आवासीय परिसर 40 मीटर की दूरी पर होने पर एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन दिया जाता है तथा 40 मीटर से अधिक दूरी पर उन्हें स्टीमेट दिया जाता है जिसका भुगतान करने पर संयोजन निर्गत किया जाता है.
