गोरखपुर : (मानवीय सोच) एनई रेलवे की 75 से अधिक ट्रेनों के निरस्त होने के बाद रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रेलवे बस स्टेशन और कचहरी बस स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। रोडवेज प्रशासन ने भी लोगों की सहूलियत के लिए अतिरिक्त बसों के इंतजाम किए हैं। हालांकि, ये बसें यात्रियों की तुलना में नाकाफी दिख रही हैं।
बुधवार की दोपहर दो बजे रेलवे बस स्टेशन पर बशारतपुर के अनिल दिल्ली जाने के लिए बस की तलाश कर रहे थे। उन्हें साधारण बस नहीं मिल रही थी, जो मिलीं भी उनमें सीट नहीं थी। एक घंटा इंतजार करने के बाद मजबूरी में उन्हें जनरथ बस से दिल्ली जाना पड़ा। बड़े काजीपुर की शालिनी को बस्ती जाना था, लेकिन उन्हें रोडवेज की बस नहीं मिल रही थी। इसके बाद वह निजी बस से बस्ती गईं।
गोरखपुर-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन निरस्त होने के कारण कचहरी बस स्टेशन पर शाम पांच बजे वाराणसी जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। आम दिनों में जहां आधी बसें खाली जाती थीं, बुधवार को वाराणसी जाने वाली बसें भरीं नजर आईं।
