बाराबंकी जिला मुख्यालय की कोतवाली पुलिस ने व्यापारी नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल के बेटे अमित कंछल को ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल के बेटे अमित कंछल, निवासी शास्त्री नगर, थाना बाजार खाला, जनपद लखनऊ को उनके घर के पास से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि अमित कंछल व उनके छह अन्य साथियों पर भारतीय दंड संहिता की धोखाधड़ी, दस्तावेजों में हेराफेरी, आपराधिक धमकी और शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमान करना आदि की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार अमित कंछल पर आरोप है कि लखनऊ के एक प्रॉपर्टी डीलर को जमीन दिलाने का झांसा देकर उसने दो करोड़ 20 लाख रुपये ठग लिए।
