# डिंपल यादव बोलीं- गठबंधन के नाम ‘इंडिया’ से ही डर गई भाजपा

मैनपुरी : (मानवीय सोच)  सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। भाजपा सरकार को न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है। न्यायालयों के आदेशों के खिलाफ सरकार काम कर रही है। चुनाव के समय लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए हैं। महिला अपराधों के प्रति सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। शुक्रवार को सांसद आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रही थीं।

सांसद ने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन के नाम इंडिया से ही भाजपा पूरी तरह डर गई है। गठबंधन के नाम को लेकर टिप्पणियां की जा रही हैं। गठबंधन का हर दल बहुत मजबूत है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सरकार से जाना पूरी तरह तय है। डबल इंजन की सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिला अपराधों के आरोपी छोड़े जा रहे हैं। महिला अपराध को भाजपा सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कई बड़े-बड़े घोटाले किए गए हैं। कैग की रिपोर्ट में धीरे-धीरे खुलासे भी हो रहे हैं।