बाराबंकी : (मानवीय सोच) उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरबीन हर भ्रष्टाचारी तक पहुंच रही है। बेईमानों से एक-एक पाई वसूलकर गरीबों के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। भाजपा को छोड़ देश में कोई ऐसा राजनीतिक दल नहीं है जो गरीबों का भला सोचता हो।
मौर्य रविवार को सफदरगंज इलाके में लखनऊ अयोध्या हाईवे के पास स्थित पारिजात युवक समिति के मैदान में पूर्व विधायक और इंडियन पासी समाज के संस्थापक स्वर्गीय रामनरेश रावत की प्रतिमा का अनावरण कर समारोह को संबोधित कर रहे थे। पूर्व विधायक को जन-जन का नेता बताते हुए मौर्य ने उन्हें श्रद्धांजलि दी फिर विरोधी दलों पर बिफर पड़े।
उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास सोचती है। मगर बाकी दल कुछ का साथ परिवार का विकास सोचने वाले है। कहा कि इनको अच्छा काम खराब लगता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक देश एक चुनाव की घोषणा की है। पूर्व राष्ट्रपति की अध्यक्षता में कमेटी बनी है।
