उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) कोविड की तर्ज पर डेंगू और मलेरिया रोकने के लिए अभियान शुरू किया गया है। जिस गांव में डेंगू के दो या इससे अधिक मरीज मिलेंगे, वहां बुखार से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग करके लक्षण वालों की जांच कराई जाएगी। इसके लिए टीमें गठित की गई हैं। वहीं, पूरे गांव में डेंगू व मलेरिया रोधी अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
डेंगू और मलेरिया के मरीजों का शत प्रतिशत पंजीकरण करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी के साथ निजी पैथोलॉजी को भी पोर्टल पर मरीजों की संख्या दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। पिछले साल 11 सितंबर तक डेंगू के 1,085 मरीज मिले थे और तीन की मौत हुई थी। इस वर्ष मरीजों की संख्या बढ़कर चार गुनी हो गई है। चार सितंबर तक 4,163 मरीज पंजीकृत किए गए। इनमें से पांच की मौत हो गई है।
