डॉक्टर रेप-हत्या मामला : 1 गिरफ्तार, पूर्व प्रिंसिपल पर शक गहराया

सीबीआई के अधिकारी महिला डॉक्टर के बलात्कार और हत्या मामले की जांच के संबंध में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष की ‘कॉल डिटेल’ और ‘चैट’ की जानकारियां जुटा रहे हैं. जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को लगातार तीसरे दिन सीबीआई अधिकारियों के सामने पेश हुए घोष को अस्पताल में घटना से पहले और उसके बाद किए फोन कॉल की जानकारियां देने को कहा गया है. अधिकारी घोष की ‘कॉल डिटेल’ और डेटा उपयोग की जानकारियां प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन सेवा प्रदाता से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं.

सीबीआई ने शनिवार देर रात तक करीब 13 घंटे तक घोष से पूछताछ की थी. घोष रविवार सुबह 11 बजे सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में सीबीआई कार्यालय फिर से पहुंचे. सीबीआई अधिकारी ने कहा, हमारे पास उनसे पूछने के लिए सवालों की एक फेहरिस्त है. उन्होंने बताया कि घोष को चिकित्सक की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी भूमिका स्पष्ट करने के लिए कहा गया है कि उन्होंने किससे संपर्क किया और (पीड़िता के) माता-पिता को करीब तीन घंटे तक का इंतजार क्यों कराया. अधिकारी के अनुसार, पूर्व प्राचार्य से यह भी पूछा गया कि घटना के बाद अस्पताल की आपातकालीन इमारत के सेमिनार रूम के पास कमरों की मरम्मत का आदेश किसने दिया था. सीबीआई ने कहा, हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अपराध के पीछे कोई साजिश थी या पहले से इसकी योजना बनाई गई थी.