तमिलनाडु के दो सरकारी स्कूलों में आध्यात्मिक क्लास को लेकर विवाद हो गया। मामला 5 सितंबर (टीचर्स डे) का है। चेन्नई के दो स्कूलों सैदापेट हाई स्कूल और अशोक नगर गर्ल्स हाई स्कूल में एक स्प्रिचुअल अवेकनिंग क्लास आयोजित की गई। परमपोरुल फाउंडेशन (एनजीओ) से एक स्पीकर स्कूल आए। उन्होंने जाति, वर्ग, पुण्य, पाप, मंदिर पर स्पीच दी। उन्होंने कहा- हमें पिछले कर्मों की सजा इस जन्म में मिलती है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
सरकार तक इसकी बात पहुंची। एजुकेशन मिनिस्ट्री ने अशोक नगर गर्ल्स हाई स्कूल की प्रिंसिपल का ट्रांसफर करवा दिया। वहीं CM एमके स्टालिन ने कहा- हमारे एजुकेशन सिस्टम में सिर्फ साइंस की जरूरत है। इसी से स्टूडेंट का विकास होगा। टीचर्स डे के मौके पर तमिलनाडु के सरकारी स्कूल में परमपोरुल फाउंडेशन के स्पीकर महाविष्णु को इनवाइट किया गया। स्पीकर ने कहा- हमें इस जीवन में जो कुछ मिला, वो पिछले जन्मों का फल है। स्पीकर ने आगे गुरुकुल सिस्टम को खत्म करने पर सवाल उठाए। महाविष्णु ने कहा- यह एक ऐसा सिस्टम था जो अनिवार्य रूप से जाति और लिंग के आधार पर शिक्षा की अनुमति देता था।
