ताजमहल परिसर में अदा की गई नमाज : तीन घंटे पर्यटकों को मिला निशुल्क प्रवेश

आगरा  (मानवीय सोच)  ताजमहल की शाही मस्जिद में रविवार की सुबह बकरीद पर मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद एक-दूसरे के गले मिलकर लोगों ने मुबारकबाद दी। इस दौरान ताजमहल में तीन घंटे तक निशुल्क प्रवेश रहा। नमाजियों के साथ पर्यटकों को भी निशुल्क प्रवेश मिला। बकरीद पर सुबह-सुबह बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। सुहाना मौसम और निशुल्क प्रवेश होने के कारण ताजमहल का दीदार करने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।

ताजमहल के अलावा आगरा की प्रमुख मस्जिदों में खुदा की इबादत में हजारों सिर झुके। मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद में बड़ी तादाद में लोगों ने नमाज अदा की। फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा-कासगंज में भी सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद का पर्व मनाया जा रहा है। बकरीद के पर्व पर आगरा मंडल के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई।

बकरीद के अवसर पर ताजमहल में सुबह 7 से 10 बजे तक तीन घंटे प्रवेश निशुल्क रहा। सुबह-सुबह बारिश होने के कारण मौसम भी सुहाना हो गया। इसके कारण ताजमहल में नमाज के दौरान ज्यादा भीड़ नजर आई। ताजगंज और आसपास के नमाजियों ने सुबह सात बजे से ही ताजमहल पहुंचना शुरू कर दिया था।

परिवार के साथ पहुंचे कई नमाजियों ने पहले ताज का दीदार किया, फिर शाही मस्जिद में नमाज अदा की। खुदा की इबादत में हजारों सिर झुके और देश में अमन चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी। सुबह सात से 10 बजे तक सभी देसी-विदेशी सैलानियों को स्मारक में निशुल्क प्रवेश मिला।

आगरा के ईदगाह पर सुबह सात बजे, जामा मस्जिद में सुबह 7.30 बजे, अकबरी मस्जिद में आठ बजे, ताजमहल की शाही मस्जिद में 8.45 बजे और शाही मस्जिद लोहामंडी में सुबह नौ बजे नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

फतेहपुर सीकरी में भी शांति और सौहार्द के साथ ईद का पर्व मनाया गया। सीकरी में शाही जामा मस्जिद में नमाज अदा कर देश में अमन और चैन की दुआ मांगी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *