यूपी टी-20 लीग के लिए रविवार को खिलाड़ियों को खरीदने के लिए बोली लगाई गई। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार सबसे महंगी खिलाड़ी रहे। उन्हें लखनऊ फाल्कन्स ने 30 लाख 25 हजार रुपये में खरीदा। तेज गेंदबाज शिवम मावी को 20 लाख 50 हजार में काशी रुद्रांस और उवैस अहमद को मेरठ मावरिक्स ने 20 लाख में खरीदा। आठ वर्ष के बाद क्रिकेट में वापसी करने वाले पीयूष चावला को बेस प्राइस सात लाख रुपये में नोएडा किंग्स ने खरीदा। छह फ्रेंचाइजियों ने 91 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई। शहर के सेंट्रम होटल में यूपीसीए के डायरेक्टर एवं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान व अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में ऑक्शन की शुरुआत की। इसमें 170 खिलाड़ी शामिल हुए। इनके लिए छह फ्रेंचाइजी ने बोली लगानी शुरू की।
