नोएडा : (मानवीय सोच) नोएडा पुलिस पर एक के बाद एक कई दाग लगते नजर आ रहे हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने नोएडा के सेक्टर-113 थाने में ढाई लाख रुपए के लेन-देन का वीडियो सामने आने और संबंधित एसएचओ पर 2 लाख रुपये घूस लेने के आरोप लगने के बाद उसे लाइन हाजिर कर दिया है।
सामने आए वीडियो के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-113 थाने से 2.5 लाख की लेन-देन हो रही है। इसमें थाना प्रभारी के कमरे में एक पक्ष दूसरे पक्ष को नोटों की गड्डी थमा रहा है। दरोगा कुर्सी पर बैठे हैं। वह खुद वीडियो बना रहे हैं। यही नहीं उन्होंने 2 लाख रुपए रिश्वत भी ली। मामला चार महीने पुराना है।
लेकिन, वीडियो सोमवार को वायरल हुआ। इसके बाद कमिश्नर ने सोमवार देर रात थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। दरअसल, पड़ोस में बन रही 5 मंजिला अवैध बिल्डिंग के चलते अपने मकान में दरार आने की वजह से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की सदमे से मौत हो गई थी। ऐसा आरोप उनके परिजनों ने लगाया था।
