उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) उत्तराखंड की सीमा पर बिजनौर जिले के मंडावली थाना इलाके में कोटावाली नदी के तेज बहाव में यूपी रोडवेज की एक बस फंस गई. बस में 40 यात्री थे. इन यात्रियों को जेसीबी की मदद से बस से बाहर निकाला गया. पुलिस ने बताया कि नदी में फंसी रोडवेज बस के 40 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
नजीबाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजेन्द्र सिंह ने बताया कि नजीबाबाद- हरिद्वार मार्ग पर थाना मंडावली क्षेत्र में कोटावाली नदी में पहाड़ों की बारिश के कारण जलस्तर बढ़ गया. सीओ के मुताबिक इस दौरान रोडवेज की एक बस 40 सवारी लेकर हरिद्वार जा रही थी और वह नदी के रपटे पर पानी के तेज बहाव मे फंस गयी. अधिकारी ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को जेसीबी मशीन से सुरक्षित बाहर निकाल कर बस को भी मशीन से निकलवा लिया गया. इस बीच एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रोडवेज बस रुपईडीहा से हरिद्वार जा रही थी.
