नई दिल्ली : (मानवीय सोच) पड़ोसी देश नेपाल से आयातित लगभग 5 टन टमाटर ट्रांजिट में हैं और गुरुवार (17 अगस्त) को उत्तर प्रदेश में 50 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर खुदरा बिक्री होगी। नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
बता दें, एनसीसीएफ ने नेपाल से 10 टन टमाटर के आयात का कॉन्ट्रैक्ट किया है। एनसीसीएफ केंद्र सरकार की ओर से आयात के साथ-साथ टमाटर की घरेलू खरीद भी कर रहा है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को रसोई के मुख्य उत्पादों की ऊंची कीमतों से राहत देने के लिए उन्हें रियायती दर पर खुदरा बिक्री कर रहा है। खुदरा हस्तक्षेप केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के निर्देश पर किया जा रहा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए, एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनीस जोसेफ चंद्रा ने कहा, ‘हमने नेपाल से 10 टन टमाटर आयात का अनुबंध किया है। इसमें से 3-4 टन कल उत्तर प्रदेश में वितरित किया गया। लगभग 5 टन पारगमन में है और कल यूपी में रियायती दरों पर खुदरा बिक्री की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि कम शेल्फ लाइफ के कारण आयातित टमाटरों को भारत के अन्य हिस्सों में नहीं बेचा जा सकता है।
