सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला नैनी झील में छलांग लगा देती है और फिर उसे एक नाव चालक बचा रहा है. यह वीडियो उत्तराखंड के नैनीताल का है. महिला ने संदिग्ध परिस्थियों में यहां नैनी झील में छलांग लगा दी जिसके बाद एक नाव चालक ने उसे मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उसकी जान बचाई.
बताया जा रहा है कि महिला का उपचार चल रहा है और वह मानसिक रूप से परेशान थी. महिला का नैनी झील में डूबते हुए वीडियो लोगों के कैमरे में कैद हो गया और फिर वायरल हो गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला नैनी झील में डूब रही थी और तभी वहां झील में नाव की सवारी कर रहे एक पर्यटक और नाव सवार महिला के पास पहुंचता है और उसे पतवार पकड़ाता है
और फिर महिला उससे सहारे नाव में चढ़ती है और उसकी जान बचती है. इस तरह से नाव चालक और पर्यटक महिला को झील से बाहर निकालते हैं और उसकी जान बचाते हैं. महिला ने नैनी झील में छलांग पाषाण देवी मंदिर के पास से लगाई. वहां नौकायन कर रहे टूरिस्ट और नाव चालक बिना वक्त गंवाए फौरन महिला की तरफ आगे बढ़े और उसके पतवार के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला और डूबने से बचाया.
इसके बाद महिला को बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. महिला की पहचान नैनीताल शेरवानी निवासी राधा देवी के रूप में हुई है. यह घटना 15 सितंबर की बताई जा रही है. कहा जा रहा है कि महिला के डूबने की सूचना के बाद उसे उसके पति और परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया था. हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला ने इस तरह का आत्मघाती कदम क्यों उठाया था.
