नोएडा : (मानवीय सोच) यथार्थ अस्पताल में एक लिफ्ट गिर जाने से हादसा हो गया. इस हादसे में हॉस्पिटल में काम करने वाले 4 लोग घायल हो गए. घटना फेस-टू थाना क्षेत्र के सेक्टर-110 स्थित यथार्थ अस्पताल में हुई. जानकारी के मुताबिक, इस लिफ्ट में सामान ले जाने का काम किया जा रहा था. इस दौरान लिफ्ट का तार टूट गया और एक झटके में लिफ्ट नीचे आकर गिर गई. घटना की सूचना मिलते ही फेस 2 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में सिद्धनाथ, सृष्टि श्रीवास्तव, अर्जुन और सुखदेव माली घायल हुए हैं. डॉक्टरों ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं.
