लखनऊ : (मानवीय सोच) दशहरा और दीपावली पर ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं, ऐसे में रोडवेज पैसेंजरों को अतिरिक्त बसें चलाकर राहत देने की तैयारी में है। 20 अक्तूबर से 15 नवंबर तक यात्रियों की डिमांड के मुताबिक अतिरिक्त बसों को चलाने के निर्देश डिपो के अधिकारियों को दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि आनंद विहार से विभिन्न स्थानों टनकपुर, रुपैडिहा और सोनौली के लिए ज्यादा भीड़ रहती है। ऐसे ही सहारनपुर से शाकुम्भरी देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं। मुरादाबाद और बरेली से पूर्णागिरी देवी के दर्शन के लिए भी लोग बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं।
उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि बसों को ऑनरोड किया जाए, उन्हें वर्कशॉप में न रखा जाए। उन्होंने कहा कि बस स्टेशन और बसें साफ-सुथरी रहें, इसका भी ध्यान रखा जाए। साथ ही बस अड्डों पर पेयजल व अन्य व्यवस्थाएं मुकम्मल रहे। एमडी मासूम अली सरवर ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आदेश जारी कर दिया है।
