लखनऊ : (मानवीय सोच) सरकार निराश्रित गोवंश को पकड़ने में अपना पूरा बजट भी लगा दे तो भी इस समस्या का निदान नहीं हो सकता है। इसके लिए समाज का सहयोग चाहिए। सरकार तो इसके निदान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
गोवंश के लिए चरागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने को 45 दिन का अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। पशुधन मंत्री धर्मपाल बुधवार को नियोजन भवन स्थित सभागार में सरकार की योजनाओं पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। पशुधन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में चरागाह की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करते हुए उन पर नेपियर घास विकसित की जाएगी। इसके लिए 11 जुलाई से 25 अगस्त तक 45 दिन का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।
30 जून तक 6781 गोआश्रय स्थलों में 1168875 गोवंश संरक्षित किए गए हैं। पिछले तीन माह में कुल 68 नवीन गोआश्रय स्थलों में 37497 गोवंश संरक्षित किए गए। पशुधन मंत्री ने कहा कि समाज को सहयोग करना होगा कि वह गोवंश को निराश्रित न छोड़े। जब सभी सहयोग करेंगे तभी बात बनेगी।
