लखनऊ (मानवीय सोच) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में राज्य के 12 जिलों की 61 सीटों पर रविवार शाम पांच बजे तक औसतन 53.93 प्रतिशत मत पड़े। निर्वाचन आयोग के अनुसार पांचवें चरण में रविवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। वोट शाम छह बजे तक पड़े। शाम पांच बजे तक अमेठी जिले में 52.82 प्रतिशत, रायबरेली में 56.06, सुलतानपुर में 54.91, चित्रकूट में 59.50, प्रतापगढ़ में 50.20, कौशाम्बी में 56.96, प्रयागराज में 51.29, बाराबंकी में 54.75, अयोध्या में 58.01, बहराइच में 54.68, श्रावस्ती में 57.24 और गोंडा में 54.21 प्रतिशत मत पड़े। पांचवे चरण में 61 विधानसभा क्षेत्रों में 693 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 90 महिला प्रत्याशी हैं।
उधर, बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को दावा किया कि ‘हाथी’ (बसपा का चुनाव चिन्ह) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नींद उड़ाए हुए है, क्योंकि वह अपने हर भाषण में हाथी का जिक्र करते हैं। उन्होंने लोगों से आदित्यनाथ को उनके ‘मठ’ में वापस भेजने का आह्वान किया तथा भाजपा पर कानून-व्यवस्था के नाम पर केवल मुस्लिम माफिया को देखने और गैर-मुस्लिम माफिया की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
