लखनऊ : (मानवीय सोच) हरौनी पुलिस चौकी में शनिवार शाम एंटी करप्शन की टीम ने छापा मारकर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते चौकी प्रभारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसे खींचकर गाड़ी में बैठा पीजीआई थाने ले जाया गया। जहां पूछताछ के बाद आरोपी चौकी प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बंथरा थाने में 28 अगस्त को एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में आरोपी विशाल रावत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। विवेचना के बाद केस में दुष्कर्म की धारा बढ़ाने के साथ दो आरोपी जेल भेजे गए थे। घटनास्थल दुबग्गा में एमएफ टॉवर स्थित होटल था। केस की विवेचना कर रहे हरौनी चौकी इंचार्ज दरोगा राहुल त्रिपाठी ने होटल मालिक विनोद कुमार से कई बार पूछताछ की।
आरोप है कि दरोगा राहुल त्रिपाठी ने विनोद को डराया कि चूंकि घटनास्थल उनका होटल है। ऐसे में वह भी धारा 368 (किसी अगवा शख्स को जान बूझकर पनाह देना) के तहत आरोपी बनाए जाएंगे। दरोगा ने बचाने का दावा कर विनोद से 20 हजार रुपये की मांग की। विनोद ने एंटी करप्शन की टीम को जानकारी दी।
