लखनऊ : (मानवीय सोच) भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश में मिशन-80 का लक्ष्य पूरा करने के लिए पिछड़ों को साधने की कवायद तेज कर दी है। दिसंबर में पिछड़े वर्ग के जातिवार सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद जनवरी में प्रयागराज में प्रस्तावित पिछड़ा वर्ग के महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के दिग्गज शामिल होंगे। भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की सोमवार को हुई बैठक में पिछड़े वोट बैंक में पार्टी का आधार बढ़ाने की रणनीति पर मंथन किया गया।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि जातिवार सम्मेलन से पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग को भाजपा के पक्ष में लामबंद किया जाएगा। कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में पिछड़े वर्ग के लाभार्थियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
