नूंह : (मानवीय सोच) हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को फैली हिंसा के मामले में आरोपी बिट्टू बजरंगी मंगलवार को गिरफ्तार हो गया. बिट्टू को नूंह में हिंसा के दौरान महिला पुलिस अधिकारी के सामने हथियारों के साथ प्रदर्शन करने और नारेबाजी के मामले में गिरफ्तार किया गया है. शिकायत के मुताबिक उस वक्त बिट्टू के साथ 15-20 लोग मौजूद थे. नूंह में हिंसा के बाद से बिट्टू बजरंगी की गिफ्तारी की मांग हो रही थी. अब बिट्टू की गिरफ्तारी के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या हरियाणा पुलिस मोनू मानेसर को भी गिरफ्तार करेगी.
दरअसल, 31 जुलाई को हरियाणा के नूंह में निकाली गई ब्रजमंडल शोभायात्रा पर पथराव हुआ था. देखते ही देखते यह दो समुदायों में हिंसा में बदल गई. सैकड़ों कारों को आग लगा दी गई. साइबर थाने पर भी हमला किया गया. उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया था. नूंह के बाद सोहना में भी पथराव और फायरिंग हुई. वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया. इसके बाद हिंसा की आग नूंह से फरीदाबाद-गुरुग्राम तक फैल गई. नूंह हिंसा में दो होमगार्ड समेत 6 लोगों की मौत हुई है.
