बसपा चीफ और यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने बुलडोजर एक्शन को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का जिक्र करते हुए मकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई को गलत करार दिया. मायावती ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, ‘देश में आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कानून के तहत होनी चाहिए तथा इनके अपराध की सजा उनके परिवार व नजदीकी लोगों को नहीं मिलनी चाहिए. यह सब हमारी पार्टी की रही सरकार ने ‘कानून द्वारा कानून का राज’ स्थापित करके भी दिखाया है.’
यूपी की पूर्व सीएम ने कहा, ‘बुलडोजर का भी इस्तेमाल अब सुप्रीम कोर्ट के आने वाले निर्णय के मुताबिक ही होना चाहिए. हालांकि उचित तो यही होगा कि इसका इस्तेमाल करने की जरूरत ही ना पड़े क्योंकि आपराधिक तत्वों को सख्त कानूनों के तहत भी निपटा जा सकता है. अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए बसपा प्रमुख ने कहा, ‘आपराधिक तत्वों के परिवार व नजदीकियों पर बुलडोजर का इस्तेमाल करने की बजाय सम्बन्धित अधिकारियों पर ही कठोर कार्रवाई होनी चाहिये, जो ऐसे तत्वों से मिलकर, पीड़ितों को सही न्याय नहीं देते हैं. सभी सरकारें इस ओर जरूर ध्यान दें.’
