लखनऊ : (मानवीय सोच) लोकसभा चुनाव-2024 में मिशन 80 को पूरा करने के लिए भाजपा का शीर्ष नेतृत्व प्रदेश में पार्टी के मौजूदा सांसदों में से 20 से 30 फीसदी तक प्रत्याशी बदल सकता है। मोदी सरकार 2.0 के नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर चलाए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान और पार्टी की ओर से कराए जा रहे सर्वे में सांसदों की जमीनी हकीकत सामने आने लगी है।
2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन ने सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ा था। भाजपा ने 78 सीटों पर चुनाव लड़कर 62 सीटें जीती थी, जबकि अपना दल ने दो सीटों पर चुनाव जीता था। कांग्रेस को एक, बसपा को दस और सपा के पांच सीटों पर जीत मिली थी। गत वर्ष हुए लोकसभा उप चुनाव में भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा में जीत दर्ज की है। प्रदेश में वर्तमान में भाजपा गठबंधन के पास 66 सीटें हैं।
भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सभी 80 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है। मैनपुरी और रायबरेली सीट पर भाजपा ने कभी चुनाव नहीं जीता है। आगामी लोकसभा चुनाव में इन दोनों सीटों पर भी कमल खिलाने का लक्ष्य रखा है।
