यूपी टी-20 क्रिकेट लीग की नीलामी के बाद जल्द ही लखनऊ फाल्कन्स की टीम अभ्यास को मैदान में उतरेगी। लखनऊ होने वाले इस मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स पर दमदार प्रदर्शन का दबाव होगा। साथ ही उन खिलाड़ियों को भी मैदान में करिश्माई प्रदर्शन करना होगा, जिन्होंने इसी शहर में क्रिकेट का प्रशिक्षण लेकर टीम में जगह बनाई है। 25 अगस्त से 14 सितंबर तक होने वाले इन मुकाबलों के लिए अन्य टीमें भी तैयारी में जुट गई हैं। 30 लाख 25 हजार रुपए में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार लखनऊ फाल्कान्स में शामिल करने से टीम प्रबंधन फिलहाल खासा संतुष्ट नजर आ रहा है।
टीम प्रबंधन के अनुसार भुवनेश्वर के पास अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबलों के साथ आईपीएल का खासा अनुभव है, जो इस लीग में लखनऊ फाल्कन्स के लिए मददगार साबित होगा। वे टीम में खिलाड़ी के अलावा मेंटर की भूमिका भी निभा सकते हैं। इससे युवा खिलाड़ियों को दमदार प्रदर्शन करने को प्रेरणा मिलगी। अगले माह 17 अगस्त से टीम का कैंप इकाना स्टेडियम में शुरू होगा। इस दौरान टीम के चीफ कोच अंबरीश गौतम, बल्लेबाजी कोच उमंग शर्मा, गेंदबाजी कोच आशीष विस्टन जैदी और क्षेत्ररक्षक कोच रविकांत शुक्ला के निर्देशन में सभी 25 खिलाड़ी अभयास करेंगे।
