हरदोई : (मानवीय सोच) सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सूबे में मच्छर न संभाल पाने और विश्वगुरू बनने की बात पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार किया है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा ने चुनाव से पहले संकल्प पत्र में जो कहा था वह सब करके दिखाया। अखिलेश यादव अपना और मुलायम सिंह यादव का कार्यकाल याद कर लें, फिर टिप्पणी करें।
उन सरकारों में सूबा दंगाइयों के हवाले था। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति हम संकल्पित हैं, लेकिन सपाई परिवारवाद और जातिवाद तक ही सीमित हैं। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के पति उपेंद्र तिवारी की पुण्य तिथि में शामिल होने के लिए हरदोई पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि हमारी सरकारों ने बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, सुरक्षा सहित सभी विषयों पर काम किया है।
