लखनऊ : (मानवीय सोच) वैश्विक निवेशक सम्मेलन में 38 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के एमओयू के बाद प्रदेश सरकार भूमि पूजन समारोह (जीबीसी) के माध्यम से इस निवेश को धरातल पर उतारने के लिए तैयार है। योगी सरकार ने भूमि पूजन समारोह के लिए सभी विभागों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया था। अब तक करीब 6.80 लाख करोड़ रुपये के आठ हजार से अधिक प्रोजेक्ट समारोह के लिए तैयार हैं। इनमें से 6 हजार प्रोजेक्ट एमओयू वाले और दो हजार गैर एमओयू वाले हैं।
अभी तक कुल 26 हजार से ज्यादा एमओयू साइन किए जा चुके हैं। इसके जरिये प्रदेश में एक करोड़ से भी अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। प्राथमिक शिक्षा विभाग ने लक्ष्य का नौ गुना एमओयू साइन किया है। जिन विभागों ने जीबीसी के लिए मिले लक्ष्य को 100 प्रतिशत या उससे भी ज्यादा हासिल किया है, उसमें सबसे पहला नाम प्राथमिक शिक्षा विभाग का है। जिसने करीब लक्ष्य का 900 प्रतिशत हासिल कर लिया है। विभाग को 63 करोड़ का लक्ष्य मिला था। इसके सापेक्ष 558 करोड़ के 47 प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दे दी है।
