मंत्री जितिन प्रसाद बोले माफिया को चिह्नित कर घरों पर चलवा दें बुलडोजर

कानपुर (मानवीय सोच) चौबेपुर के मरियानी गांव में कानपुर के प्रभारी कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद का पारा तब चढ़ गया जब जन चौपाल में ग्रामीणों ने मिट्टी और बालू खनन का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया कि पुलिस-प्रशासन और माफिया के गठबंधन से ही खनन जारी है। इस पर कैबिनेट मंत्री सीधे अफसरों से मुखातिब हुए और कहा-माफिया को चिह्नित कर उनके घरों पर बुलडोजर चलवा दें।

मरियानी गांव में दोपहर 12 बजे जितिन प्रसाद की फ्लीट पहुंची। उनके साथ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, मयंकेश्वर सिंह, सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण व विधायक राहुल बच्चा सोनकर भी स्कूल परिसर में बने मंच पर पहुंचे। मंत्रियों ने ग्रामीणों का हाथ जोड़ कर अभिवादन किया। इसके बाद ब्लॉक के अधिकारियों ने गांव का ब्योरा देना शुरू किया। बीच में ही उन्हें कैबिनेट मंत्री ने रोक दिया।

उन्होंने कहा, कि जनता से संवाद करने आया हूं। इतना कहते ही ग्रामीणों ने एक के बाद एक समस्याओं का पिटारा खोल दिया। भीड़ आगे बढ़ने लगी तो मौके की नजाकत भांप जिलाधिकारी नेहा शर्मा बीच में आकर सभी के शिकायती पत्र लेने लगीं। तभी भीड़ में खड़े सोनू ने कहा-मिट्टी और बालू खनन नहीं रुक रहा। सब कुछ मिलीभगत से चल रहा है। जितिन प्रसाद ने अफसरों से दो टूक कहा-ऐसे माफिया पर बुलडोजर चलवाएं।

पेंशन नहीं मिल रही, रहने को घर नहीं

गांव की ऊषा देवी ने बताया कि उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। सुशील तिवारी ने कहा कि अब तक घर नहीं मिला है। सुशील तिवारी ने कहा कि लेखपाल वरासत (गाटा नंबर नहीं बदल रहा) दर्ज नहीं कर रहे। लेखपाल, कानून गो के अलावा तहसील से जुड़ी सबसे अधिक 51 शिकायतें आईं। इनको सुनने के बाद जितिन प्रसाद ने डीएम से कहा कि सभी शिकायतों की सूची बनाएं। हर एक का निस्तारण करके सांसद व विधायक को अवगत भी कराएं। जन शिकायतों को नजरंदाज न करें।

जनता मालिक, अनदेखी सहन नहीं

जितिन प्रसाद ने डीएम और पुलिस अफसरों से कहा कि भाजपा शासनकाल में जनता मालिक है। जनता का उत्पीड़न और कार्यकर्ताओं का अपमान सहन नहीं होगा। कार्यकर्ता भी जान लें कि अनुशासित रहकर समस्याओं का समाधान कराएं। हर वंचित तक लाभ पहुंचे, इस फॉर्मूले पर सीएम और भाजपा काम कर रही है। ग्राम प्रधान अरविंद यादव, प्रमोद सिंह ने माला पहना कर स्वागत किया।

माइक वाला सपाई या बसपाई

कैबिनेट मंत्री जब लोगों को संबोधित कर रहे थे तो दो बार माइक बंद हो गया। दूसरी बार जैसे ही आवाज बंद हुई तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा- माइक वाला सपाई होगा या बसपाई। इसी कारण माइक बार-बार बंद कर रहा है।

प्रशासन के रंगरोगन पर चुटकी ली

जितिन प्रसाद के मरियानी गांव के दौरे की जानकारी होने पर अफसरों ने दो दिन के भीतर गांव की तस्वीर ही बदल दी। कैबिनेट मंत्री मंच से बोले क्या देखूं, साफ तौर पर दिख रहा है कि स्कूल में रंगरोगन एक दिन पहले ही हुआ है। गांव की गलियां भी साफ हो गई होंगी। इसी तरह लगातार गांवों में काम समय पर होता रहे तो समस्या ही समाप्त हो जाएगी।

अन्नप्रासन, गोद भराई की रस्म निभाई

मंत्री ने स्कूल परिसर में बाल विकास विभाग की तरफ से आयोजित अन्नप्रासन में अवनी रामजी को टीका कर खीर चखाई। इसके साथ पूनम, कमला, रोशनी, वंदना, मोनी को माला पहनाकर व फलों की टोकरी देकर गोद भराई की रस्म निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *