इंफाल : (मानवीय सोच) कुकी नेता और भाजपा विधायक पाउलेनलाल हाओकिप का कहना है कि मणिपुर में शांति स्थापित करने के लिए राज्य को तीन केंद्र शासित प्रदेशों में बांट देना चाहिए। पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में हाओकिप ने मणिपुर के जातीय अलगाव को राजनीतिक और प्रशासनिक मान्यता देने की वकालत की है। बता दें कि कुकी समुदाय के नेता पहले भी कुकी जनजाति के लोगों के लिए अलग प्रशासन की मांग कर चुके हैं। भाजपा विधायक की ये मांग भी एक तरह से कुकी नेताओं की अलग राज्य की मांग को समर्थन है।
हिंसा में अब तक मारे गए 160 से ज्यादा लोग
बता दें कि मणिपुर में हिंसा की शुरुआत तीन मई से हुई थी और अब तक यह जारी है। इस हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापन झेल रहे हैं। राज्य में मैतई समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और यह अधिकतर इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं नागा और कुकी जनजाति के लोगों की संख्या कुल आबादी की 40 प्रतिशत है और यह राज्य के पहाड़ी इलाकों में रहते हैं।
