मणिपुर : (मानवीय सोच) मणिपुर हिंसा के छह महीने बीतने के बाद भी हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इसी बीच 8 अक्टूबर को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हुआ. जिसमें एक युवक को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि कुकी बाहुल्य कांगपोकपी जिले में मैतेई समुदाय के एक युवक को जिंदा जला दिया गया. वायरल वीडियो को लेकर सरकार का कहना है कि उन्होंने इस वीडियो की जांच-पड़ताल की है. ये वीडियो 4 मई को हुई हिंसा का है.
मणिपुर का ये वायरल वीडियो सात सेकेंड का है. सात सेकेंड के इस वीडियो में एक व्यक्ति ने काली शर्ट पहन रखी है. इसके सिर पर भीड़ की पिटाई की वजह से चोट के निशान हैं और उसके शरीर के एक हिस्से को भीड़ ने जला दिया है, वह कटीले तारों के पास पड़ा हुआ है. उसके पास खड़ी भीड़ चिल्ला रही है. भीड़ के बैकग्राउंड में गोली चलने की आवाजें भी सुनी जा सकती हैं.
