जम्मू-कश्मीर : (मानवीय सोच) पूर्व CM और PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा को 10 साल की वैलिडिटी वाला रेगुलर पासपोर्ट जारी कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने इल्तिजा को अपने ऑफिस में बुलाया और उसे 10 साल की वैलिडिटी वाला रेगुलर पासपोर्ट सौंप दिया।
इसके पहले 5 अप्रैल को इल्तिजा को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पढ़ाई के लिए दो साल के लिए ‘कंट्री स्पेसिफिक पासपोर्ट‘ जारी किया गया था। पासपोर्ट 5 अप्रैल, 2023 से 4 अप्रैल, 2025 तक वैध था पासपोर्ट पर इस बारे में स्टैंप लगा था। दरअसल जम्मू-कश्मीर पुलिस CID ने पासपोर्ट जारी करने के खिलाफ रिपोर्ट दी थी इसीलिए इल्तिजा को पासपोर्ट जारी नहीं किया जा रहा था।
35 साल की इल्तिजा ने पासपोर्ट के लिए अपनी एप्लीकेशन को मंजूरी नहीं मिलने के बाद फरवरी में जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट में अर्जी लगाई थी। उनका पुराना पासपोर्ट दो जनवरी 2023 को एक्सपायर हो गया था। उन्होंने पिछले साल आठ जून को नए पासपोर्ट के लिए एप्लीकेशन दे दी थी। कोर्ट ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) को मामला देखने के निर्देश दिए थे।
