कोलकाता : (मानवीय सोच) तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को 2024 के आम चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विवादों में घिरीं मोइत्रा को यह जिम्मेदारी देकर तृणमूल ने उन्हें समर्थन देने का स्पष्ट संदेश दिया है।
लोकसभा की आचार समिति ने ‘‘पैसे के बदले प्रश्न पूछने’’ से जुड़े मामले में उन्हें निष्कासित करने की सिफारिश की है। तृणमूल ने सोमवार को राज्य के 35 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला अध्यक्षों की संशोधित सूची जारी की। मोइत्रा कुछ साल पहले तक कृष्णानगर की जिला अध्यक्ष थीं। कुछ वर्ष पहले संगठन में किये गए फेरबदल में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था। अब उन्हें कृष्णानगर (नदिया उत्तर) संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मोइत्रा ने इस नियुक्ति के लिए सोशल मीडिया के जरिए पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के प्रति अपना आभार जताया।
