लंदन : (मानवीय सोच) चीन के एक हैकिंग समूह ने पश्चिमी यूरोप में सरकारी एजेंसियों के ईमेल अकाउंट में सेंधमारी की है। माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन ने यह जानकारी दी।
मंगलवार को प्रकाशित एक ब्लॉग पोस्ट में माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि स्टॉर्म-0558 नाम से पहचाना गया यह समूह जासूसी और डेटा चोरी जैसे कृत्यों की फिराक में रहता है। समूह ने ईमेल अकाउंट में सेंध लगा कर सरकारी एजेंसियों और इन संगठनों से जुड़े लोगों के अकाउंट सहित करीब 25 संगठनों को प्रभावित किया है। साथ ही ग्राहकों द्वारा माइक्रोसॉफ्ट को असमान्य ईमेल गतिविधियों की शिकायत किए जाने तक करीब एक महीने यह गतिविधि बेरोकटोक जारी रही।
व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता एडम हॉज ने बुधवार को एक बयान में कहा कि घुसपैठ हुई है। माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सुरक्षा के सिस्टमों को प्रभावित किया है। अधिकारियों ने इसे खोजने के लिए तुरंत माइक्रोसॉफ्ट से भी संपर्क किया है। हालांकि, लंदन में चीन के दूतावास ने तुरंत इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
