सोनभद्र : (मानवीय सोच) आदिवासी अंचल से गरीब परिवार की लड़कियों को राजस्थान, हरियाणा में बेचने वाले बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के 13 सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनके पास से 80 हजार रुपये नकद भी बरामद किया है। उनके कब्जे से एक लड़की को मुक्त कराया है। पकड़े गए तस्करों में चार राजस्थान के रहने वाले हैं, जबकि एक मुक्त कराई गई लड़की की ही मां है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी चिह्नित किया है। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने जिले की 8-10 अन्य लड़कियों को भी बेचा है। उनकी तस्दीक कराई जा रही है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि जिले में सक्रिय गिरोह के बारे में कई दिनों से सूचना मिली रही थी, जो अच्छे घरों में शादी कराने का झांसा देकर यहां के गरीब परिवारों की लड़कियों को गैर प्रांतों में बेचते हैं। टीम गठित कर गिरोह के बारे में सूचना जुटाई जा रही थी। इस बीच सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राबर्ट्सगंज नगर के चंडी तिराहे पर खड़े कुछ संदिग्धों को पकड़ा।
